102 एंबुलेंस कर्मियों का रोषपूर्ण प्रदर्शन, चार सूत्री मांगों को लेकर जारी हड़ताल

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। सीटू बिहार राज्य के सचिव एवं जिला परिषद सदस्य अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में 102 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर बेगूसराय में श्रम अधीक्षक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। यह कर्मी 1 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष रंजन कुमार ने की और संचालन सचिव राकेश कुमार ने किया। आंदोलनकारियों ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी कानून के आधार पर नियमित वेतन का भुगतान, 10 महीने का बकाया वेतन भुगतान, श्रम कानून और अनुबंध शर्तों के उल्लंघन पर रोक, कुशल और अतिकुशल कर्मियों के लिए 22,000 रूपये प्रतिमाह वेतन, भविष्य निधि खाते में अनियमितताओं की जांच और सुधार, बेगूसराय में एंबुलेंस प्रबंधन व सर्विसिंग केंद्र की स्थापना, खराब एंबुलेंस के कारण वेतन कटौती पर रोक आदि मांगें शामिल हैं। सीटू के राज्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जब एंबुलेंस सेवा सरकारी है और अस्पताल भी सरकारी हैं, तो कर्मियों को ठेकेदारी व्यवस्था में क्यों रखा गया है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉर्पोरेट कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसी ठेका नीति लागू कर रही है। अंजनी कुमार सिंह ने कामगारों से धर्म और जाति की सीमाओं से ऊपर उठकर संगठित आंदोलन करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने श्रम अधीक्षक दुर्गा प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। उसके बाद सीटू नेता अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे वार्ता की। श्रम अधीक्षक ने कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को चेतावनी के साथ श्रम कार्यालय बुलाया और त्रिपक्षीय वार्ता के जरिए समाधान निकालने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। लेकिन कर्मियों ने हड़ताल जारी रखने की घोषणा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button