ससुराल में बम फेंककर आरोपी पहुंचा मुंबई

-दोस्तों से पूछताछ के बाद खुल गया सारा राज

भारत पोस्ट संवाददाता
जीटीबी नगर। प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र स्थित जीटीबी नगर में पत्नी के मायके पर बमबाजी और फायरिंग करने के मामले में मुख्य आरोपी राजा के मुंबई फरार होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने वारदात में शामिल उसके दो साथियों से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि राजा घटना के बाद ट्रेन से मुंबई निकल गया। इसके बाद करेली पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में मुंबई रवाना कर दी गई है।
इस मामले में पुलिस पहले ही राजा के दो साथियों अमीर और अरमान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दोनों घटना के दौरान राजा के साथ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे भी मुंबई भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें इससे पहले ही दबोच लिया, जबकि राजा ट्रेन पकड़कर फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पत्नी नजमा के मायके चले जाने के बाद से राजा नाराज और परेशान था। रविवार को वह एक बार फिर पत्नी के मायके पहुंचा, जहां उसकी ससुराल पक्ष के लोगों से तीखी कहासुनी हो गई। आरोप है कि बहस के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने बदला लेने की योजना बना ली।
अमीर और अरमान ने पुलिस को बताया कि राजा ने दोस्ती का वास्ता देकर उन्हें अपने साथ चलने के लिए तैयार किया। तय योजना के अनुसार तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर रविवार रात जीटीबी नगर पहुंचे। वहां उन्होंने लगातार तीन बम फेंके और फायरिंग की, जिसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी राजा की तलाश लगातार की जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर एक पुलिस टीम मुंबई भेजी गई हैए ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button