बाराबंकी : सब *रजिस्ट्रार के खिलाफ वकीलों की नाराजगी बढ़ी, डीएम से मिले
*भ्रष्टाचार के लगाए आरोप, आय से अधिक संपत्ति जांच की मांग*
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी : रामनगर तहसील में सब रजिस्ट्रार कादंबरी त्रिपाठी के खिलाफ वकीलों की नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश मिश्रा और तहसील बार के अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अन्य अधिवक्ताओं के साथ डीएम शशांक त्रिपाठी से मुलाकात की। वकीलों का आरोप है कि रजिस्ट्री कार्यालय दलालों का केंद्र बन गया है।
रजिस्ट्री से पहले ही लेन-देन का सौदा तय होता है। अधिवक्ताओं के माध्यम से प्रस्तुत दस्तावेजों पर रजिस्ट्री और वसीयत के लिए मना कर दिया जाता है। वहीं दलालों के माध्यम से उन्हीं दस्तावेजों पर रजिस्ट्री हो जाती है। सब रजिस्ट्रार पर अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार का भी आरोप है। लेन-देन का विरोध करने पर वह विभागीय उच्च अधिकारियों को धनराशि भेजने की बात कहती हैं। सितंबर 2024 की कार्यकारणी ने भी उनके कार्य व्यवहार पर सवाल उठाए थे।
वकीलों ने डीएम को दिए गए ज्ञापन में सब रजिस्ट्रार पर न सिर्फ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए बल्कि आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की। डीएम शशांक त्रिपाठी ने आईजी स्टांप को पत्र लिखकर जांच कराने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर महामंत्री सुरेश चंद्र मिश्रा, प्रदुमन बाजपेई, चक्रधर शरण मिश्रा, बलराम सिंह, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, मुकेश शुक्ल, लवकेश शुक्ला सहित कई अधिवक्ता मौजूद थे।



