पूर्वज स्मरण की परंपरा—संस्कृति, श्रद्धा और समरसता का संगम

 

*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* हमारे देश की सांस्कृतिक विरासत में पूर्वजों का स्मरण मात्र एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि एक गहरी भावनात्मक, दार्शनिक और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। श्राद्ध पक्ष, जिसे आमजन पितृपक्ष के रूप में जानते हैं, केवल ब्राह्मण भोज या तिलांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस ऋणबोध की अभिव्यक्ति है जो हर पीढ़ी अपने पूर्वजों के प्रति अनुभव करती है।

श्राद्ध कर्म के वैज्ञानिक और सामाजिक पक्ष को समझने की आवश्यकता है, क्योंकि यह केवल मृत आत्माओं को तृप्त करने की परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति, प्राणी मात्र और समाज के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी माध्यम है। पंच ग्रास की परंपरा—जिसमें गोग्रास (गाय के लिए), श्वान ग्रास (कुत्ते के लिए), काक ग्रास (कौवे के लिए), चींटी ग्रास (कीटों के लिए), और अतिथि ग्रास (आगंतुक या भिक्षुक के लिए)—यह दर्शाती है कि हमारे पूर्वजों ने भोजन से पहले ही प्रकृति और जीव जगत के साथ संतुलन बनाए रखने का विचार कर लिया था।

विरोध के स्वर भले ही आधुनिकता की आड़ में प्रकट हों, पर यह आवश्यक है कि आलोचना से पूर्व परंपरा की गहराई को समझा जाए। माता-पिता, पितृगण और पूर्वजों के स्मरण में श्रद्धा का भाव केवल रूढ़िवादी सोच नहीं, बल्कि उस सांस्कृतिक उत्तरदायित्व का हिस्सा है जो हमारी पहचान को जड़ों से जोड़े रखता है।

आज जब समाज तेजी से पश्चिमी प्रभावों की ओर झुक रहा है, तब यह और भी आवश्यक हो गया है कि हम अपने सांस्कृतिक मूल्यों की समीक्षा करें—उन्हें अंधविश्वास मानकर नहीं, बल्कि विवेक और संवेदना के साथ समझकर। श्राद्ध पक्ष सिर्फ धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवंत परंपरा है, जो हमें जीवन, मृत्यु और पुनः जीवन के चक्र को समझने का अवसर देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button