बेगूसराय में मारपीट कर अधमरा करनेवाले दो आरोपित शिक्षक हुए सस्पेंड
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय भारत पोस्ट ब्यूरो। बछवाड़ा प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय जहांनपुर के शिक्षक आनन्द मोहन दास और बेगूसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय लाखो के शिक्षक विश्वनाथ दास को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सस्पेंड कर दिया। बताया जाता है कि दोनों शिक्षक लाखो थाना कांड संख्या: 120/25 में आरोपित है। लाखो थाना क्षेत्र के मंझलापुर गांव के रहनेवाले दोनों शिक्षक उसी गांव के स्व. रामप्रवेश दास के पुत्र राजीव कुमार को हाथ व पैर पोल में बांधकर पीटा था। घटना 7 जून 2025 की है। इस घटना में लाखो थाना की पुलिस ने दोनों शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, वहीं बेहोशी की हालत में राजीव कुमार को सदर अस्पताल में इलाज कराया था। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दोनों शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए आनन्द मोहन दास को छौड़ाही और विश्वनाथ दास को मंसूरचक के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में निलंबन के दौरान योगदान करने का आदेश दिया। जारी पत्र के आलोक में दोनों शिक्षक के विरुद्ध बाद में प्रपत्र “क” निर्गत करने का निर्देश दिया गया।




