प्रखंड क्षेत्र के दो निजी अस्पताल सील
-अन्य निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप
-एसडीएम के निरीक्षण में मिली थीं अनियमितताएं
-सुरक्षा मानकों में लापरवाही पड़ी भारी
भारत पोस्ट संवाददाता
मुजफ्फरपुर। प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद प्रशासन निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर स्थित दो निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की गई। जांच में खामियां मिलने के बाद दोनों अस्पतालों को प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य निजी अस्पताल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी आकांक्षा आनंद के नेतृत्व में बैरिया, दामोदरपुर चैनपुर समेत कई स्थानों पर संचालित निजी अस्पतालों की जांच की गई थी। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कई कमियां सामने आई थीं। इसके बाद संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया।
प्रशासन का कहना है कि अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच के दौरान जिन अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया गया? इसी के तहत दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर के दो निजी अस्पतालों को सील किया गया।
मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे जिले में निजी अस्पतालों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के डर से कई निजी अस्पताल संचालकों ने अपने अस्पतालों के बोर्ड और बैनर तक हटा दिए हैं। अस्पताल सील करने की कार्रवाई के दौरान प्रभारी पीएचसी प्रभारी डॉ. पीयूष राज, बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति और स्वास्थ्य प्रबंधक पुष्कर कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


