सिलीगुड़ी में अवैध तरीके से स्टॉक की जा रही थी सिक्किम की शराब, आबकारी विभाग की छापेमारी में दो को किया गिरफ्तार
भारत पोस्ट संवाददाता सिलीगुड़ी | सिक्किम से अवैध रूप से शराब लाकर सिलीगुड़ी में बिना कर चुकाए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जमा किए जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के भक्तिनगर थाना क्षेत्र के पीसी मित्तल बस टर्मिनस के पास एक गोदाम में छापेमारी कर लगभग 18 लाख रुपये की सिक्किम निर्मित शराब बरामद की है।
छापेमारी के दौरान मौके से घनश्याम प्रसाद और प्रज्वल विश्वकर्मा नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जो दोनों ही सिक्किम के निवासी बताए जा रहे हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सिक्किम से शराब लाकर सिलीगुड़ी के इस गोदाम में जमा की जाती थी और फिर पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई की जाती थी। इस अवैध व्यापार के कारण राज्य सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।
आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “हमने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि गोदाम का इस्तेमाल लंबे समय से अवैध शराब भंडारण के लिए किया जा रहा था। यह पूरी तरह से कर चोरी का मामला है। इस मामले में और कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।”
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जलपाईगुड़ी अदालत में पेश करने की तैयारी कर ली है। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।



