खेत में करंट लगने से युवक की मौत
-ग्रामीणों में आक्रोश, बिजली विभाग पर उठे सवाल
भारत पोस्ट संवाददाता
पूर्णिया। जानकीनगर थाना क्षेत्र के मिर्चाबाड़ी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतक के परिवार का रो.रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान मिर्चाबाड़ी निवासी भूटाय यादव के 28 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही जानकीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। परिजनों के अनुसार चंदन कुमार खरीफ फसल की तैयारी के तहत अपने खेत में धान का बिचड़ा गिराने गए थे। खेत के समीप स्थित नहर में पैर धोने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया। खुद को संभालने के लिए उन्होंने पास में रखा बांस पकड़ लिया।
बताया जाता है कि बांस के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली तार गुजर रहा था। बांस के संपर्क में आते ही युवक करंट की चपेट में आ गया। बिजली का झटका इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई दिलखुश कुमार ने बताया कि चंदन परिवार के कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर बड़ा संकट आ गया है।
चंदन कुमार अपने पीछे माता.पिता, पत्नी और तीन छोटे.छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से अनजान मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। घटना के बाद घर में चीख.पुकार मची हुई है और परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने विभाग से जर्जर और नीचे लटके तारों को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर इस दर्दनाक हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा।


