परिवर्तन यात्रा के लिए दो दिवसीय उत्तर बंगाल यात्रा पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
बागडोगरा एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया सांसद और प्रदेश अध्यक्ष ने
सिलीगुड़ी: बंगाल में परिवर्तन रैली का शुभारंभ करने उत्तर बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे। उनका गर्मजोशी से सांसद राजू विष्ट, प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य , जिलाध्यक्ष अरुण मंडल आदि ने स्वागत किया। भाजपा नेताओं से क्षेत्रीय समस्याओं जानकारी प्राप्त कर कूच बिहार के लिए रवाना हुए। कूच बिहार में आम सभा के मुख्य आकर्षण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बागडोगरा हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर से कूचबिहार एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे रास मेला मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होकर यात्रा की शुरुआत करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के तौर पर एक सुसज्जित मुख्य टैब्लो रथ के रूप में तैयार किया गया है, जो यात्रा का नेतृत्व करेगा। इसके अलावा आठ छोटे प्रचार टैब्लो और बाइक रैली भी इस संकल्प यात्रा का हिस्सा होंगे। यात्रा शुरू होने से पहले भाजपा जिला नेतृत्व में पूजा-अर्चना करेगा। पहले दिन रास मेला मैदान से गूंजबाड़ी तक यात्रा निकलेगी। इसके बाद दोल उत्सव के कारण कुछ दिन का विराम रहेगा और पांच मार्च से यात्रा दोबारा शुरू होगी। उस दिन खागड़ाबाड़ी होते हुए शीतलकुची पहुंचकर सभा आयोजित की जाएगी, फिर माथाभांगा के रास्ते कूचबिहार वापसी होगी। छह मार्च को घुघुमारी, जिरानपुर, बलरामपुर और तूफानगंज होते हुए यात्रा अलीपुरद्वार में प्रवेश करेगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह यात्रा दिनहाटा और सिताई नहीं जाएगी। इस हाईवोल्टेज कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म है। भाजपा नेताओं ने आशंका जताई है कि गांवों से आने वाले कार्यकर्ताओं पर सत्तारूढ़ तृणमूल के लोग हमला कर सकते हैं। पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिजीत बर्मन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमला हुआ तो जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन से सहयोग न मिलने के कारण पार्टी को हाईकोर्ट की अनुमति लेकर सभा करनी पड़ी। सभा को लेकर रास मेला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा का दावा है कि यह संकल्प यात्रा उत्तर बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन का संदेश देगी।शाम को राष्ट्रीय अध्यक्ष सिलीगुड़ी के एक होटल में भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।




