क्रांतिकारियों को मिले शहीद का दर्जा और भारत रत्न: दिनेश कुमार गोयल

 

हरप्रीत भट्टी, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता दिनेश कुमार गोयल ने केंद्र सरकार से शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को आधिकारिक तौर पर शहीद का दर्जा देने और भारत रत्न से सम्मानित करने की पुरजोर मांग की। इस अवसर पर भगत सिंह के भतीजे श्री किरणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दिनेश गोयल ने किरणजीत सिंह से मुलाकात को जीवन का प्रेरणादायक मोड़ बताते हुए कहा, “उनसे मिलना साक्षात भगत सिंह जी के सान्निध्य में होने जैसा था।” उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही एक गैर-सरकारी संगठन की स्थापना करेंगे, जो नाट्य प्रस्तुतियों और अन्य माध्यमों से युवाओं को क्रांतिकारी विचारों से जोड़ेगा। गोयल ने कहा कि वीरों को सरकारी मान्यता दिलाना केवल इतिहास का नहीं, बल्कि देश के आत्म-सम्मान का विषय है।

कार्यक्रम में उपस्थित श्री किरणजीत सिंह ने गोयल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “दिनेश जी में शहीदों के प्रति जो जज़्बा और समर्पण है, वह प्रशंसनीय है। देश हमें कुर्बानी से मिला है और इसे केवल बलिदान की भावना से ही सुरक्षित रखा जा सकता है।”

इस गरिमामयी आयोजन में नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभक्ति को केवल भावनाओं तक सीमित न रखकर उसे सामाजिक जिम्मेदारी और जन-आंदोलन में बदलना रहा, ताकि आने वाली पीढ़ी महान क्रांतिकारियों के बलिदानों से प्रेरणा ले सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button