नीमराना पुलिस और डीएसटी टीम की प्रभावी कार्रवाई: 5 करोड़ की फिरौती मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार !
कोटपूतली-बहरोड-
नीमराना पुलिस और डीएसटी टीम ने 5 करोड़ की रंगदारी से जुड़े मामले में सफलता हासिल करते हुए हाईवे किंग होटल पर फायरिंग और फिरौती की धमकी देने के मामले में संलिप्त छठे आरोपी गौरव सिंह (32) पुत्र सत्यप्रकाश निवासी स्नेह बिहार भोंडसी (गुरुग्राम) को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण—
24 जून 2024 को गौरव सिंह अपने साथियों धर्मेंद्र और दीपक यादव के साथ हाईवे किंग होटल पर फायरिंग की योजना बना रहा था। उनके इरादे पहले गुड़गांव क्षेत्र से एक कार लूटने के थे, लेकिन गुड़गांव सीआईए टीम ने उस रात उन्हें भारी मात्रा में विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया जिससे योजना विफल हो गई।
गौरव सिंह ने होटल की रेकी जून 2024 में खाना खाने के बहाने की थी। इस गिरोह ने 8 सितंबर को होटल पर हमला किया जिसमें दो हथियारबंद बदमाशों ने कैशियर को 5 करोड़ की फिरौती की पर्ची दी और होटल के अंदर पिस्टल व कार्बाइन से कई राउंड फायर किए। हमले के बाद बदमाशों ने धमकी दी कि फिरौती न देने पर जान से मार देंगे और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई–
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज और पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ ने विशेष टीमें गठित कीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज और वृताधिकारी सचिन शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 26 सितंबर को 25-25 हजार के इनामी अपराधी सचिन उर्फ प्रवीण और योगेश उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया गया। 27 सितंबर को विजय कुमार उर्फ काले को हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया।8 अक्टूबर को धर्मेंद्र सिंह को,20 अक्टूबर को दीपक यादव को गिरफ़्तार किया गया।
गौरव सिंह ने पूछताछ में स्वीकार किया कि फायरिंग की योजना 24 जून को थी लेकिन धर्मेंद्र और दीपक यादव की समय पर गिरफ्तारी के कारण योजना विफल रही। फिलहाल गौरव सिंह दो दिन की पुलिस रिमांड पर है और उससे आगे की पूछताछ जारी है। मुख्य फरार अभियुक्तों पुनित शर्मा और नरेंद्र कुमार की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।




