राज्य और केंद्र के संयुक्त प्रयासों से पश्चिम बंगाल के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति: सीएम शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य और केंद्र के संयुक्त प्रयासों से पश्चिम बंगाल के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। गुरुवार को मिलन मेला मैदान में आयोजित टेक्सटाइल फेयर के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों को पश्चिम बंगाल के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में यूनाइटेड राजधानी दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री राज्य के वस्त्र और चाय उद्योग के विकास को लेकर विशेष रुचि रखती हैं तथा इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान सीतारमण ने पश्चिम बंगाल के बुनकरों द्वारा तैयार किए जाने वाले उच्च गुणवत्ता वाले वस्त्रों की सराहना की और कहा कि इस उद्योग के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री के 24 से 28 अगस्त के बीच पश्चिम बंगाल दौरे पर आने की संभावना है। इस दौरान वस्त्र उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ उनकी बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 50 वर्षों में वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस की सरकारों के दौरान पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास की दौड़ में पिछड़ गया, लेकिन अब डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। उद्योगपतियों से बंगाल में निवेश की अपील करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में कुशल मानव संसाधन, प्रतिभा और औद्योगिक विकास की पर्याप्त क्षमता मौजूद है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की रंगदारी या कट मनी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही प्रभावी सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली और स्पष्ट भूमि नीति लागू करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।




