पश्चिम बंगाल के चंपाहाटी में फिर पटाखा विस्फोट, दो गंभीर

 

चंपाहाटी/बारुईपुर: दक्षिण 24 परगना जिले के चंपाहाटी इलाके में गुरुवार को पटाखा विस्फोट की घटना से हड़कंप मच गया। घनी झाड़ियों के बीच बने एक कमरे में हुए जोरदार धमाके में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 52 वर्षीय पद्मा रानी लश्कर और अब्बास गाजी के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस कमरे में विस्फोट हुआ, वहां कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखा बनाने का काम चल रहा था। आरोप है कि बापी लश्कर बाहर से मछली कारोबार करता था, लेकिन उसकी आड़ में आबादी से दूर झाड़ियों के बीच पटाखा निर्माण का काम संचालित किया जा रहा था।

गुरुवार को इसी कमरे में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतीश विश्वास के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने दमकल की गाड़ी के देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकलकर्मी काफी देर से पहुंचे, जिससे राहत कार्य में परेशानी हुई।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कमरे में पटाखा निर्माण का काम कब से चल रहा था और वहां विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंचाई जा रही थी। साथ ही कथित अवैध कारोबार में बापी लश्कर के अलावा अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

चंपाहाटी में पहले भी पटाखा विस्फोट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर अवैध पटाखा निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button