सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर, एसएसबी की भूमिका अहम

 

सिलीगुड़ी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने एसएसबी जवानों से मुलाकात की और उनकी जिम्मेदारियों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि खुली सीमा की सुरक्षा करना एसएसबी जवानों का सबसे कठिन काम है। एसएसबी देश की संप्रभुता और सुरक्षा का अटूट प्रहरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से सिलीगुड़ी कॉरिडोर के महत्व को समझा है। यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है और पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है।

अमित शाह ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर के आसपास नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं हैं। सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चोपड़ा, किशनगंज और धुबरी में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है। उन्होंने सीमा सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

करीब 60 किलोमीटर लंबा और लगभग 22 किलोमीटर चौड़ा सिलीगुड़ी कॉरिडोर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसे ‘चिकन नेक’ के नाम से जाना जाता है। यह संकरा गलियारा देश के पूर्वोत्तर राज्यों को शेष भारत से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल का भारत का हिस्सा बने रहना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि डॉ. मुखर्जी ने उस समय प्रयास नहीं किया होता तो आज स्थिति अलग होती। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करने की दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से राष्ट्रहित में मिलकर काम करने की अपील की।

दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की आंतरिक और सीमा सुरक्षा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी में एसएसबी की नई परियोजनाओं से सीमा क्षेत्र का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बिष्ट ने कहा कि नेपाल और भूटान की सीमाओं की सुरक्षा तथा सिलीगुड़ी कॉरिडोर को सुरक्षित रखने में एसएसबी की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक तकनीक, बेहतर कनेक्टिविटी और नए बुनियादी ढांचे से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। कार्यक्रम के बाद राजू बिष्ट एसएसबी जवानों के साथ ‘बड़ा खाना’ में शामिल हुए और देश सेवा के लिए उनके समर्पण और त्याग की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button