शिक्षा-संस्कृति की स्थिति पर सुजन चक्रवर्ती ने उठाए सवाल, तृणमूल-भाजपा की राजनीति पर भी साधा निशाना
सिलीगुड़ी, 28 सितंबर: राज्य में शिक्षा और संस्कृति की मौजूदा स्थिति को लेकर सीपीआई(एम) केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने सवाल उठाए। सोमवार को सिलीगुड़ी के अनिल विश्वास भवन में पार्टी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने एसआरएफटीआई और जादवपुर विश्वविद्यालय में हाल की घटनाओं पर चिंता जताई।
सुजन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि शिक्षण संस्थानों में छात्रों पर हमले और राजनीतिक हस्तक्षेप की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।
सीपीआई(एम) नेता ने चुनाव आयोग की भूमिका और तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति को केवल तृणमूल और भाजपा के बीच बने ‘बाइनरी’ तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और लोकतांत्रिक वातावरण की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही अल्पसंख्यकों, दलितों और युवा पीढ़ी के अधिकारों की रक्षा को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी।



