बिना लाइसेंस के दवा बिक्री का भंडाफोड़, औषधि विभाग ने मारी दबिश

 

रमेश ठाकुर – बेतिया (पश्चिमी चंपारण) औषधि विभाग की टीम ने रविवार को बगहा अनुमंडल क्षेत्र में चल रही एक अवैध दवा दुकान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में औषधियों को जप्त किया है। यह छापेमारी बगहा के एम.एस. मेडिकल दवा दुकान, नरईपुर में की गई, जहां बिना किसी वैध अनुज्ञप्ति के दवाइयों की बिक्री की जा रही थी।

सहायक औषधि नियंत्रक सुषमा कुमारी ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बगहा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की गई। इस टीम में बगहा के औषधि निरीक्षक कन्हैया कुमार सिंह, नरकटियागंज के औषधि निरीक्षक सतीश कुमार सिंह तथा शहरी-ग्रामीण क्षेत्र के निरीक्षक नागेंद्र कुमार शामिल थे।

जांच के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार की दवाइयाँ पाई गईं, जिनकी खरीद-बिक्री का कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। विभाग ने मौके से सभी संदिग्ध औषधियां जप्त कर ली हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सहायक औषधि नियंत्रक ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना लाइसेंस के दवा विक्रय करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने जिले के अन्य दवा दुकानदारों को भी चेतावनी दी कि वे अपने दस्तावेजों को अद्यतन रखें और नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर पश्चिम चंपारण के रामनगर में भी अवैध दुकान धड़ल्ले से चल रहे है,इन दुकानों पे भी ध्यान देना अति आवश्यक है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button