अवैध कब्जे पर चला वन विभाग का बुलडोजर !
पक्का मकान ध्वस्त कर वन भूमि को किया अतिक्रमण मुक्त !
कोटपूतली-बहरोड़-
वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटपूतली क्षेत्र के गाटराटा वनखंड स्थित सुदरपुरा छाजाला (चाचा नेहरू नगर) में बन रहे एक पक्के अवैध निर्माण को वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया। उप वन संरक्षक जयपुर (उत्तर) डी.पी. जागावत के निर्देशानुसार क्षेत्रीय वन अधिकारी सतपाल ढिलान के नेतृत्व में नाका प्रभारी दाताराम यादव, बीट प्रभारी मुकेश गुर्जर, वन रक्षक तथा रेज कोटपूतली, पावटा व विराटनगर के स्टाफ की उपस्थिति में यह कार्रवाई सफलतापूर्वक की गई।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सतपाल ढिलान ने बताया कि अतिक्रमी द्वारा वन भूमि पर पक्का मकान बनाकर अवैध कब्जा किया जा रहा था। विभाग ने अतिक्रमणकर्ता को राजस्थान वन अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं सुनवाई का अवसर दिया था, लेकिन समयावधि में ना तो वह पेश हुआ और ना ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।
इस पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर वन भूमि को पुनः अतिक्रमण मुक्त किया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी किसी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वन भूमि की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।


