बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर बनाएं पहचान: श्याम सहनी

दूसरी सेमीफाइनल मुकाबला में बेगूसराय ने कैमूर को 9-0 से किया पराजित

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर 17 बालिका वर्ग की चैंपियन सिवान बनी। बेगूसराय को 3-0 से हराया। शुरू में काफी कड़ा और कांटों वाला फाइनल मुकाबला रहा। गोल के लिए पसीने बहाती दोनों टीम नजर आई। लेकिन मैच के अंतिम समय में सिवान ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 3 गोल दागे और फाइनल मुकाबला को जीत लिया।

सिवान की ओर से रिंकी, रंजना और पिंकी ने अपनी टीम की ओर से 1-1 गोल किया। बेगूसराय की ओर से कोई भी गोल नहीं हुआ। इससे पहले उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय श्याम सहनी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाया। मैच समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। राष्ट्रीय स्तर पर ये बेटियां खेल में अपनी पहचान बनाएं, यही हमारी शुभकामनाएं हैं। साथ ही विपरीत मौसम में भी इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी शारीरिक शिक्षकों का उन्होंने धन्यवाद भी किया। सुबह में पहला सेमीफाइनल मुकाबला सिवान और पश्चिम चंपारण के बीच खेला गया।
जिसमें सिवान ने पश्चिम चंपारण को 1–0 से हराया। मुकाबला काफ़ी कड़ा था। दोनों ही टीम गोल के लिए आपस में जूझती दिखी। मैच के अंतिम समय में सिवान की ओर से रिंकी कुमारी ने एक मात्र गोल कर सिवान को 1-0 से जीत दिला दी।दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेगूसराय और कैमूर के बीच खेला गया। बेगूसराय ने एक तरफा मुकाबले में कैमूर को 9-0 से हराया। बेगूसराय की ओर से कौशिकी ने शानदार 3 गोल दागे। निक्की, सुरुचि और बेबो ने अपनी टीम के लिए 2-2 गोल किये।फ़ाइनल मुकाबला बेगूसराय और सिवान के बीच हुआ। जिसमें सिवान ने जीत दर्ज की। बता दें कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल खेल प्रतियोगिता 2025 अंडर 17 बालिका वर्ग का शानदार समापन मंगलवार को यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा में हुआ। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय श्याम सहनी ने जिला प्रशासन बेगूसराय की ओर से पूरे बिहार की बालिका वर्ग की टीम को शुभकामनाएं और धन्यवाद भी दिया। मंच सचालक और उद्घोषक की भूमिका शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई। इस अवसर पर संजीव कुमार मुन्ना, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, राजेश कुमार रौशन, अरविंद कुमार, शुभम, मणिकांत, पिंकी, पल्लवी, लक्ष्मी आदि ने प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button