अनुशासन, आत्मबल और आधुनिकता से सुसज्जित होगी बिहार पुलिस

_रमेश ठाकुर – बगहा (प. चंपारण)_
बिहार पुलिस के 230 नव चयनित आरक्षियों को अब अत्याधुनिक व व्यवस्थित ढंग से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके तहत उन्हें 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत प्रशिक्षण केंद्र, बगहा में लगभग 10 माह तक का गहन आधारभूत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 21 जुलाई 2025 से आरंभ होगा, जिसे एसएसबी के अनुभवी और विशेष रूप से प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा संचालित किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इन नव आरक्षियों को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ बनाना है। कार्यक्रम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि युवा आरक्षियों में एक आधुनिक, सतर्क व संवेदनशील पुलिस बल की विशेषताएँ विकसित हो सकें।

*प्रशिक्षण के प्रमुख बिंदु होंगे:*

•आधुनिक स्वचालित हथियारों का संचालन एवं देखरेख
•जंगल व गुरिल्ला युद्ध तकनीकों का प्रशिक्षण
•उग्रवाद, नक्सलवाद व आंतरिक सुरक्षा से निपटने की रणनीतियाँ
•दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपदा स्थितियों में त्वरित कार्रवाई
•नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और नैतिक मूल्यों का विकास

*कमांडो स्तर की निगरानी*

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 65वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा, जो स्वयं पूर्व में SPG (Special Protection Group) कमांडो रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में प्रशिक्षुओं को न केवल ग्राउंड ऑपरेशंस की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें वास्तविक परिस्थितियों से निपटने हेतु भी तैयार किया जाएगा।

*कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई ऊर्जा*

पुलिस मुख्यालय ने इस पहल को राज्य की कानून व्यवस्था की मजबूती की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया है। अधिकारियों का मानना है कि प्रशिक्षण प्राप्त ये नव आरक्षी भविष्य में राज्य में बढ़ती आपराधिक चुनौतियों, भीड़ नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बगहा जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में इस स्तर का प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होना स्वयं एक बड़ी उपलब्धि है, जो भविष्य में बिहार के अन्य प्रखंडों के लिए भी एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button