भरत भूषण तिवारी हत्याकांड
गया जी में 25 जून को निकलेगा आक्रोश मार्च
-बैठक में शामिल सर्वण संघर्ष मोर्चा के लोग
भारत पोस्ट संवाददाता
गया जी। गया जी में समाजसेवी भरत भूषण तिवारी की हत्या को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। विष्णुपद मंदिर प्रांगण में आयोजित सवर्ण संघर्ष मोर्चा की बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा शोक और आक्रोश व्यक्त किया। बैठक में 25 जून को आजाद पार्क से आक्रोश मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
विष्णुपद मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों और सवर्ण समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान भरत भूषण तिवारी की हत्या के मामले पर चर्चा की गई और घटना की निंदा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में मौजूद सदस्यों ने मांग की कि मामले में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने और उनके सम्मान में 25 जून की शाम आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च गया के आजाद पार्क से शुरू होगा। आयोजकों का कहना है कि आक्रोश मार्च का उद्देश्य हत्या मामले में न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए जनसमर्थन जुटाना है।
बैठक में मौजूद लोगों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। 25 जून को प्रस्तावित आक्रोश मार्च के माध्यम से संगठन अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाएगा। वहीं मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही स्थिति स्पष्ट होगी।



