बालघर में पुष्प वर्षा कर मनाया आशीर्वाद समारोह
अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र, 2 मार्च: विदाई शब्द ही अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है। वास्तव में यह एक भावुक दिन है। अगर किसी चीज़ का अंत हो रहा होता है तो किसी नई चीज़ का शुभारंभ भी हमारे जीवन में हो रहा होता है। इसी उद्देश्य के अंतर्गत श्रीमद्भगवद्गीता प्राथमिक विद्यालय बाल घर में शनिवार को 5वीं कक्षा के विद्यार्थियों के आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक जयप्रकाश पंवार एवं सुखबीर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सभी विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ द्वारा सरस्वती वंदना की गई। इसके पश्चात पंचम कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों पर गीत, नृत्य व कविता आदि की प्रस्तुतियां दी गई। पहेलियों व नृत्य के माध्यम से सबका मनोरंजन किया। प्रबंधक द्वारा शिक्षकों की प्रेरणा को जीवन में अपनाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। समस्त विद्यालय स्टाफ द्वारा बच्चों को आशीर्वाद दिया गया। प्रधानाचार्य सुखबीर द्वारा गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को भावी जीवन में प्रगति पथ पर बढ़ने का आशीर्वाद दिया गया।