जलपाईगुड़ी (उत्तर बंगाल)के गौशाला मोड़ पर दो वाहनों की भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे दोनों चालक

 

अजित प्रसाद,जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी के गौशाला मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना घटी। दो छोटे वाहनों के बीच हुई आमने-सामने की इस टक्कर में दोनों गाड़ियाँ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मयनागुड़ी से सिलीगुड़ी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने जलपाईगुड़ी में प्रवेश कर रहे एक छोटे मालवाहक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई। दोनों वाहनों के चालक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित हैं, हालांकि मालवाहक वाहन के चालक को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और यातायात को सामान्य बनाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दुर्घटना का कारण ओवरस्पीडिंग थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button