बगहा में दिल दहला देने वाली वारदात: महिला की मौत के बाद शव जलाया गया, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज!

 

पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कुमार कुशल  _रमेश ठाकुर_
_रामनगर-नरकटियागंज,_ _प०चम्पारण(बिहार)_
बगहा, 24 जनवरी 2026। पश्चिम चंपारण जिले के सेमरा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार शाम लगभग 4 बजे डायल–112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक खेत से जला हुआ शव बरामद किया। घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, डायल–112 पर सूचना मिली थी कि एक महिला की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। यह सूचना मनु यादव (निवासी—नवका टोला परसा, थाना बगहा, जिला पश्चिम चंपारण) ने दी। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बहन अर्चना देवी की हत्या उसके ससुराल पक्ष द्वारा की गई है। अर्चना देवी का ससुराल ग्राम बजरा पनिहटा टोला, थाना सेमरा में बताया गया है।
सूचना मिलते ही सेमरा थानाध्यक्ष और डायल–112 की टीम तुरंत चंद्रशेखर यादव के घर पहुँची, जो मृतका का पति बताया जा रहा है। पुलिस को घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं मिला। तलाशी और आसपास की छानबीन के दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत से धुआँ उठता दिखाई दिया। मौके पर पहुँचकर पुलिस ने देखा कि वहाँ एक शव जलाया गया था, जो लगभग पूरी तरह से जल चुका था।
घटनास्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास मानकर चल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक, बगहा द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर एवं थानाध्यक्ष सेमरा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button