हिमाचल में भारी बारिश बन गई आफत
भारत पोस्ट संवाददाता, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश आफत बन गई है। चंबा जिले के डलहौजी-तलाई मार्ग पर तलाई इलाके में बादल फटने से नाला उफान पर आ गया और उसका पानी गुनियाला गांव तक पहुंच गया।
गांव में तीन-चार चारपहिया वाहन और कुछ दोपहिया वाहन बाढ़ में बह गए। बिजली के ट्रांसफार्मर, खंभे और तारों को भी नुकसान हुआ है। गांव में डर का माहौल है।
बनीखेत में नाले उफान पर हैं और पास के घरों में पानी व कीचड़ घुस गया है। तलाई में आई बाढ़ में एक जंजघर भी बादल फटने से बाढ़ की चपेट में आ गया। भूस्खलन होने से डलहौजी के सुभाष चौक से गांधी चौक की ओर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
देवीदेहरा रॉक गार्डन में बाढ़ से एक पुल ढह गया और श्मशान घाट भी पानी में बह गया। पुल टूटने से लोगों की आवाजाही बंद हो गई है।
चंबा-पठानकोट एनएच पर बाथरी के पास नाल्डा पुल के पास पहाड़ी दरकने से रास्ता बंद हो गया है। हजारों मणिमहेश यात्री और दूसरे लोग रास्ते में फंसे हुए हैं। घोल्टी और हरदासपुरा मिंडा में भी नालों का पानी घरों और रसोईघर तक पहुंच गया, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
