कानपुर में हावी दबंग मारपीट के साथ फाड़ रहे पुलिस की वर्दी, रिपोर्ट दर्ज,एक गिरफ्तार
सुनील बाजपेई
कानपुर। एक समय ऐसा भी था, जब लोग पुलिस के एक कांस्टेबल को देखकर न केवल भयभत हो जाते थे बल्कि अपने घरों से बाहर निकलने का भी साहस तब तक नहीं करते थे जब तक वह पुलिस वाला चला नहीं जाता था। और उस समय गांव में रहने वालों की हालत तो और भी पतली हुआ करती थी। वहां तो कॉन्स्टेबल को छोड़िए, अगर केवल गांव का चौकीदार ही किसी गली से निकल जाता था तो पूरे गांव में दहशत सी फैल जाती थी, लेकिन बदलते समय के साथ आज हालात वैसे नहीं रहे। अब तो पुलिस के साथ ही मारपीट और वर्दी फाड़ने जैसी घटनाएं आएदिन अक्सर घटित होती रहती हैं।
इसी आशय की पुष्टि करने वाली दो घटनाएं इस महानगर में भी हुई, जहां दबंगों ने ना केवल पुलिस के साथ मारपीट की बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ डाली।फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पहला मामला नजीराबाद थाना क्षेत्र का है जहांगाड़ी हटाने से जुड़ी एक घटना में पुलिस के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने की घटना हुई।
यातायात सिपाही राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार वह गुमटी स्थित बाटा चौराहा पर ड्यूटी पर तैनात थे। आरोप है कि बीच सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर चालक ने गाली-गलौज की और साथियों को बुलाकर मारपीट की। जिससे उनकी वर्दी फट गई। घटना के बाद आरोपित भाग निकले।
इसी तरह की दूसरी घटना में पीआरवी सिपाही धीरेंद्र कुमा हर्ष नगर में विवाद की सूचना पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे थे। यहां भी आरोपित ने गाली गलौज करते हुए सिर पर डंडा मारकर दिया और वर्दी फाड़ दी। साथी चालक होमगार्ड प्रकाश नारायण ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन्हें भी पीट दिया।घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों सिपाहियों की शिकायत पर मुकदमा दर्जकर फरार दबंगों की तलाश की जा रही है।



