जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल ) समय बचाने की होड़ में भीषण सड़क हादसा,
टकराते ही धू-धू कर जल उठीं एम्बुलेंस और ट्रक
अजित प्रसाद,जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल ): जलपाईगुड़ी के मोहितनगर इलाके में गुरुवार को समय बचाने की एक छोटी सी कोशिश बड़े हादसे का सबब बन गई। एक एम्बुलेंस और मालवाहक ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों गाड़ियाँ पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक एम्बुलेंस जलपाईगुड़ी से सिलीगुड़ी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक चालक ने एम्बुलेंस को वापस जलपाईगुड़ी की ओर मोड़ने का फैसला किया। आरोप है कि डिवाइडर के एक खुले हिस्से से तेजी से गाड़ी घुमाने (U-turn) के प्रयास में एम्बुलेंस अनियंत्रित हो गई।उसी समय विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक आ रहा था। एम्बुलेंस सीधे जाकर ट्रक के तेल टैंक (Fuel Tank) से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक धमाके के साथ दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने गाड़ियों को घेर लिया।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त और जले हुए वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सक्रियता से जान-माल का अधिक नुकसान होने से बच गया, हालांकि वाहनों को भारी क्षति पहुंची है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या एम्बुलेंस में उस वक्त कोई मरीज सवार था।



