प्रधानमंत्री ने 9.70 करोड़ किसानों को ₹20,500 करोड़ की सहायता राशि जारी की

 

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण,बिहार_प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आज देशभर के 9.70 करोड़ किसानों के खातों में ₹20,500 करोड़ की राशि सीधे अंतरित की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से इस राशि का अंतरण कर किसानों को बड़ी सौगात दी।

बिहार में इसका राज्य स्तरीय समारोह पटना के बापू सभागार में अत्यंत भव्य और गरिमामयी वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को संबोधित किया।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर देशभर के किसानों को बधाई दी और विशेष रूप से महिला किसानों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा, “कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और पीएम किसान योजना किसानों के जीवन में नई ऊर्जा भर रही है।” उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दोहराते हुए सभी से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रीगण भी उपस्थित रहे, जिनमें पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री श्रीमती रेणु देवी, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय और पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष श्री रूप नारायण मेहता और कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार ने भी मंच साझा किया। श्री पंकज कुमार ने कहा, “किसान की समृद्धि ही देश की समृद्धि है। बिना बिचौलियों के सीधे खाते में सहायता राशि पहुंचना सरकार की पारदर्शिता का प्रमाण है।”

उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह सहायता राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “बिहार सरकार खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने हेतु कृतसंकल्प है। उत्पादन बढ़ाना, लागत घटाना और बाजार से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने बताया कि उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ कालाबाजारी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने अपने भाषण में यह भी कहा कि, “यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 11 करोड़ से अधिक किसानों को हर वर्ष ₹6,000 की सहायता पारदर्शी ढंग से दी जा रही है, जिससे किसानों में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने खेत-खलिहानों में नयी ऊर्जा के साथ जुटे हैं।”

उन्होंने बिहार की धरती की सराहना करते हुए कहा, “यह वह भूमि है जहां बीज डालोगे तो विकास के फूल खिलेंगे। यहां विज्ञान, दर्शन और परिश्रम की त्रिवेणी है, जिसकी मेहनत को पूरा देश सलाम करता है।”

यह कार्यक्रम किसानों के आत्मबल को बढ़ाने और कृषि को एक सम्मानजनक व लाभकारी पेशा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button