3 चरणों में राजस्व महाअभियान: घर जाकर जमीन के दस्तावेजों की अशुद्धियों का सुधार करेंगे राजस्व कर्मी
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में राजस्व महाअभियान की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित
जिलेभर में होगी 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राजस्व महाअभियान की शुरूआत
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। सोमवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में राजस्व महाअभियान की तैयारी को लेकर डीएम तुषार सिंगला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित राजस्व कर्मचारी उपस्थित थे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशानुसार 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राजस्व महाअभियान की शुरूआत की जाएगी। इसके लिए सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचलाधिकारी को अपने क्षेत्र का माइक्रो प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि महाअभियान के दौरान कार्य अच्छे तरीके से संपादित किया जा सके। डीएम ने बताया कि राजस्व एवं भूमि विभाग द्वारा जमीन के रिकॉर्ड अभिलेख की अशुद्धियों के सुधार में तेजी लाने के लिए एक विशेष राजस्व महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आपके घर/पंचायत तक पहुंचा कर आपके भूमि संबंधी दस्तावेजों की अशुद्धियों का सुधार करना है। इस महाअभियान के माध्यम से डिजिटाइज्ड (ऑनलाईन) जमाबंदी में त्रुटि सुधार (परिमार्जन) जैसे नाम, खाता, खेसरा, रकवा और लगान की अशुद्धियों को ठीक कराया जा सकता है। साथ ही उत्तराधिकार नामांतरण में जमाबंदी रैयती की मुत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के नाम से वंशावली के आधार पर जमाबंदी कराया जा सकता है। इसके साथ ही बंटवारा नामांतरण में संयुक्त जमाबंदी के आपसी सहमति या रजिस्टर्ड या कोर्ट द्वारा बंटवारे के आधार पर हिस्सेदारों के नाम से अलग-अलग जमाबंदी कराया जा सकता है। राजस्व महाअभियान को तीन मुख्य चरणों में विभक्त किया गया है। प्रथम चरण 18 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगा। द्वितीय चरण 16 अगस्त से 20 सितंबर और तृतीय चरण 21 सितंबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा। डीएम ने अपर समाहर्ता को निर्देश दिया कि इस महाअभियान के प्रारंभ होने के उपरांत प्रत्येक दिन शिविर से ऑनलाइन संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराते हुए विभाग को भेजना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों को इसके लिए पूरे क्षेत्र में विशेष प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है। अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने सभी राजस्व अधिकारी एवं हल्का कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लें, ताकि इस महाअभियान का विशेष प्रचार-प्रसार किया जा सके।




