सच बोलने वालों के लिए राजद में जगह नहीं: रोहिणी

-हरेलाल यादव के निष्कासन पर उठाए सवाल

भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। राष्ट्रीय जनता दल में एक बार फिर अंदरूनी कलह सामने आई है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपनी ही पार्टी के फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सारण के आरजेडी प्रवक्ता हरेलाल यादव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद रोहिणी आचार्य ने खुलकर विरोध जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में पूछा कि क्या अब आरजेडी में सच बोलने वालों के लिए जगह नहीं बची है? उन्होंने आरोप लगाया कि हरेलाल यादव पर अनुशासनहीनता के गलत आरोप लगाए गए हैं। रोहिणी ने कहा कि पार्टी के लिए ईमानदारी से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बाहर का रास्ता दिखाना गलत है। उन्होंने इस कार्रवाई को उन लोगों की साजिश बताया, जो पार्टी को कमजोर कर रहे हैं।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में आरजेडी के वरिष्ठ नेताओं संजय यादव, सुनील सिंह और रमीज का नाम लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पार्टी में रहकर संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। रोहिणी ने कहा कि सारण जिले में ऐसे लोगों का प्रभाव बढ़ गया है, जो पार्टी हित के खिलाफ काम कर रहे हैं। रोहिणी ने कहा कि जो कार्यकर्ता जमीन पर रहकर पार्टी के लिए काम करते हैं और जनता के बीच सक्रिय रहते हैं। उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पार्टी में गलत फैसलों पर सवाल उठाना अनुशासनहीनता है, तो फिर कार्यकर्ताओं की आवाज कौन उठाएगा?
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में पार्टी नेताओं को खुली चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि अगर संजय यादव जैसे नेताओं पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो सबसे पहले उन पर कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को कमजोर करना आरजेडी के हित में नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button