सिलीगुड़ी में नीट घोटाले और ईंधन की मूल्यवृद्धि के खिलाफ युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन;

* पुतला दहन को लेकर सफदर हाशमी चौक पर पुलिस से झड़प

 

अजित प्रसाद/ सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर उपजे देशव्यापी विवाद और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस (LPG) की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ आज दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस ने सिलीगुड़ी की सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन के दौरान सिलीगुड़ी के व्यस्त सफदर हाशमी चौक (हिलकार्ट रोड) पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने के कार्यक्रम को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, जिससे काफी समय तक इलाके में भारी तनाव फैल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक पहले एक रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए सफदर हाशमी चौक पहुंचे। आंदोलनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर ले रखे थे, जिस पर नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच करने और ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांगें लिखी हुई थीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुतला दहन के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों से भिड़ंत:

तनाव तब बढ़ा जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला निकालने और उसे आग लगाने की कोशिश की। मौके पर पहले से ही मुस्तैद सिलीगुड़ी थाना पुलिस और केंद्रीय बलों (Central Forces) के जवानों ने पुतला दहन को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले को फूंकने का प्रयास किया, पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और बकझक शुरू हो गई।

सफदर हाशमी चौक पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित इस अफरा-तफरी और विरोध प्रदर्शन के कारण सफदर हाशमी चौक जैसे महत्वपूर्ण चौराहे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल कराया।

युवा कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व ने पुलिसिया कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। जब इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जा रही है, तो पुलिस बल का प्रयोग कर आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नीट घोटाले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और महंगाई पर लगाम नहीं कसी गई, तो वे आने वाले दिनों में और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button