विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थी हुए लाभान्वित,
पुरषोतम शर्मा कोटपूतली। जिला विधिक सेवा समिति (प्राधिकरण) कोटपूतली-बहरोड़ के निर्देशन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कोटपूतली के दो विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएलवी संजय कुमार जोशी द्वारा जिला न्यायाधीश एवं समिति अध्यक्ष शिवानी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में एलएलसी इंचार्ज शिक्षक धर्मपाल सैनी ने लीगल लिटरेसी की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं पीएलवी संजय कुमार जोशी ने पोश अधिनियम (यौन उत्पीड़न से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम) के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कानून महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करता है तथा उन्हें एक सुरक्षित कार्य वातावरण, शिकायत दर्ज करने का अधिकार और आंतरिक शिकायत समिति के माध्यम से निष्पक्ष जांच का अधिकार देता है। इसके साथ ही उन्होंने बाल हेल्पलाइन 1098, नालसा पोर्टल, तथा हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को महिला अधिकारों एवं मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एलएलसी इंचार्ज धर्मपाल सैनी सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



