खेल से मिलता है एकता का संदेश: उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा
यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल खेल प्रतियोगिता 2025 अंडर 17 बालक वर्ग का शानदार आगाज
न्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय (खेल विभाग) के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल खेल प्रतियोगिता 2025 अंडर 17 बालक वर्ग का शानदार आगाज बुधवार को यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा में हुआ। कैमूर और शिवहर के बीच हुए पहले मैच में शिवहर ने कैमूर को 5-2 से हराया। शिवहर की ओर से चुन्नू ने 2 नकी ने 2 और मो. अनवर ने 1 गोल दागे। कैमूर की ओर से रवि और अभिषेक ने टीम के लिए 1-1गोल किया। इस तरह से शिवहर ने 3 गोल से मैच जीत लिया। दूसरा मैच भोजपुर और वैशाली के बीच खेला गया। वैशाली ने 2-0 से मैच जीत लिया। वैशाली की ओर से हिमांशु ने 1 और सुमित ने 1 गोल किया। भोजपुर की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। तीसरा मैच मधेपुरा और गोपालगंज के बीच खेला गया। मधेपुरा ने एक तरफा मुकाबले में गोपालगंज को 4-0 से हराया। मधेपुरा की ओर से आयुष राज ने 2, करण और आदित्य ने 1-1 गोल दागे। गोपालगंज की टीम गोल का खाता नहीं खोल पाई। चौथा मैच जमुई और मुंगेर के बीच खेला गया। जमुई ने 4-2 से मैच जीता। जमुई की ओर से सूर्या, हिमांशु शेखर, अविनाश और शिवम ने अपनी टीम के लिए 1-1 गोल किया। मुंगेर की ओर से मो. असद ने 1 और अहसन राजा ने भी 1 गोल दागे। मधेपुरा और किशनगंज के बीच खेले गए पहले प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में मधेपुरा ने किशनगंज को 2-0 से हराया। मधेपुरा की ओर से करण ने 1 और प्रकाश ने भी एक गोल दागे। किशनगंज की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। पटना और जमुई के बीच खेले गए दूसरे प्री क्वार्टर फाइनल में जमुई ने पटना को 1 गोल से हराया। मैच में 1 मात्र गोल जमुई की ओर से अविनाश ने किया। पटना की टीम की ओर से कोई गोल नहीं हुआ। सुबह में इस फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों से हाथ मिला उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय श्याम सहनी ने उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बिहार के ये बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रौशन करें। ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं। उन्होंने कहा कि खेल से एकता का संदेश मिलता है। बेगूसराय को लगातार खेल के विभिन्न विधाओं में राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी मिल रही है, जो बेगूसराय में खेल का एक वातावरण बना रहा है। जिला प्रशासन बेगूसराय और खेल विभाग बेगूसराय द्वारा हर तरह से इस प्रतियोगिता की शानदार तैयारी की हुई है। बुधवार से शुरू हुई बालक वर्ग की यह फुटबॉल प्रतियोगिता 09 अगस्त तक यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा में चलेगा। जिसमें बिहार की अंडर 17 बालक वर्ग की टीमें शिरकत कर रही है।उन्होंने यह भी कहा कि शारीरिक शिक्षकों के कठिन मेहनत तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के सहयोग से इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है। उद्घोषक और मंच संचालक की भूमिका शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई। पूरे आयोजन में संजीव कुमार मुन्ना, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, राम बाबू सिंह, शशिकांत, शुभम, रितेश, मणिकांत, दीपक आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

