कोटपूतली-बहरोड़ में जल्द दौड़ेगी रेलगाड़ी, औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार !
जिले के औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा नया आयाम !
भारत पोस्ट ब्यूरो कोटपूतली-बहरोड़- जिले में नीमराना,घीलोठ, केशवाना, सोतानाला समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलने जा रही है। जल्द ही डाबला से अटेली तक प्रस्तावित रेलवे लाइन की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। इसके लिए रीको कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई जिसमें वरिष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक राहुल भट्ट, नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक और उत्तरी पश्चिमी रेलवे की अधिकृत पीनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पीनी इंडिया के वरिष्ठ संचालन अधिकारी हर्ष गुप्ता ने बताया कि यह रेलवे लाइन डाबला से कोटपूतली, केशवाना, सोतानाला, बहरोड़, नीमराना, शाहजहांपुर, और घीलोठ होते हुए अटेली मंडी तक जाएगी। नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक ने सुझाव दिया कि भविष्य में इस लाइन को काठुवास से जोड़कर आईसीडी से सीधा कनेक्शन स्थापित किया जा सकता है जिससे माल परिवहन की सुविधाएं और अधिक बेहतर होंगी।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार—
बैठक में उद्योगों के माल परिवहन की वर्तमान स्थिति और भविष्य के 5-10 सालों के अनुमानित परिवहन भार का डेटा एकत्र करने पर सहमति बनी। इस डेटा के आधार पर रेलवे लाइन की डीपीआर तैयार की जाएगी और जल्द ही 15 दिन बाद एक और बैठक आयोजित होगी। इस परियोजना से औद्योगिक क्षेत्र के लिए नए अवसर खुलेंगे, शहरीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा और जिले में परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा।
अधिकारी बोले- जिले के सर्वांगीण विकास की ओर बड़ा कदम—-
(1)-कृष्ण गोपाल कौशिक–(नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अध्यक्ष )
“यह रेलवे लाइन कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के औद्योगिक और सर्वांगीण विकास की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय और विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से विकसित होंगी।”
(2)-राहुल भट्ट- ( वरिष्ठ महाप्रबंधक रीकों )
“रेलवे लाइन से औद्योगिक क्षेत्रों को माल परिवहन में सुगमता मिलेगी, जिससे यहां का औद्योगिक परिदृश्य और तेज गति से आगे बढ़ेगा।”


