गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना का हो विकास-डी0एम0

विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने व संवाद कौशल सुधारने के निर्देश

 

बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी, 11 जुलाई 2025।कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में समग्र शिक्षा अभियान, विद्यालय कायाकल्प कार्यक्रम, मध्याह्न भोजन योजना, बालिका शिक्षा, छात्रवृत्ति योजनाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति व नामांकन की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहे, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धी सोच विकसित करना होना चाहिए।उन्होंने निर्देश दिए कि खंड शिक्षा अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे 20-20 विद्यालयों का चयन करें जहाँ छात्रों की उपस्थिति अत्यंत कम है। ऐसे विद्यालयों की साप्ताहिक निगरानी की जाए, अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। इसी क्रम में उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक ब्लॉक से ऐसे 20 विद्यालय चिन्हित किए जाएं जहाँ शिक्षण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इन विद्यालयों में शिक्षकों को आवश्यक शैक्षिक मार्गदर्शन एवम प्रेरणा दी जाए ताकि शिक्षण स्तर में ठोस सुधार सुनिश्चित हो।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देश की अनुपालन स्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रार्थना सभा में प्रतिदिन अलग अलग बच्चों द्वारा टॉपिक आधारित भाषण कार्यक्रम को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती गई है, जो खेदजनक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह अभ्यास तत्काल प्रभाव से सभी विद्यालयों में आरंभ किया जाए तथा इसका उद्देश्य केवल औपचारिकता न होकर विद्यार्थियों की वाचिक अभिव्यक्ति, मंच संचालन एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हो। इस गतिविधि का प्रचार-प्रसार भी विद्यालय स्तर पर किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने हेतु राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन समयबद्ध ढंग से कराया जाए, ताकि विद्यार्थी प्रारंभिक स्तर से ही परीक्षा-संस्कार एवं लक्ष्य आधारित अध्ययन की दिशा में प्रेरित हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारीगण, परियोजना समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button