मालदा के सुखदेवपुर भारत-बांग्लादेश सीमा पर भारी तनाव;
* घुसपैठियों के पुशबैक पर BGB ने लगाया अड़ंगा,
* बॉर्डर पर लाल झंडा फहराया गया
मालदा : मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना अंतर्गत सुखदेवपुर सीमा क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर शनिवार को स्थिति बेहद विस्फोटक और तनावपूर्ण हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीमा के कटीले तारों से मुक्त (बिना तारबंदी वाले) हिस्से का फायदा उठाकर कई बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारतीय भूभाग में घुस आए थे। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में ले लिया और शनिवार को उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की कोशिश की।लेकिन इसी दौरान बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (BGB) ने इस पुशबैक प्रक्रिया में अड़ंगा लगाते हुए घुसपैठियों को वापस लेने से साफ इनकार कर दिया और बीएसएफ को रोक दिया।
इस बात को लेकर सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच भारी गतिरोध पैदा हो गया और देखते ही देखते तनाव चरम पर पहुंच गया।सीमा पर मंडराया संकट, बांग्लादेशियों का भारी जमावड़ाघटना के बाद से सुखदेवपुर सीमा क्षेत्र में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। बीजीबी (BGB) के जवानों के साथ-साथ सीमा के उस पार (बांग्लादेश की तरफ) भारी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक भी इकट्ठा हो गए हैं और लगातार नारेबाजी व हंगामा कर रहे हैं।विपरीत परिस्थितियों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएसएफ (BSF) ने कड़ा रुख अपनाया है। किसी भी भारतीय नागरिक को सीमावर्ती जीरो पॉइंट या खेतों की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा के उच्चतम स्तर को दर्शाते हुए बॉर्डर पर ‘लाल झंडा’ फहरा दिया गया है और सीमा सुरक्षा बल की ओर से हाई अलर्ट (चरम सतर्कता) जारी कर दिया गया है। फिलहाल दोनों ओर से भारी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




