13 अगस्त को एआईएसएफ करेगा डीएम के समक्ष प्रदर्शन

बरौनी प्रखंड के नींगा हाई स्कूल में एआईएसएफ का सम्मेलन आयोजित

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। शिक्षा हमारा मौलिक अधिकार है और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्र इंटर में नामांकन के लिए आवेदन करते हैं। हर साल लाखों बच्चे सीट सीमित रहने के कारण नामांकन से वंचित रह जाते हैं और उनके शिक्षा का भविष्य अधर में लटक जाता है। इसका साफ मतलब है कि सरकार इन छात्रों के मौलिक अधिकार से उनको वंचित करना चाहती है। जिला अधिकारी, सांसद विधायक और मंत्री के साथ ही भ्रमण करते हैं। हमारा सीधा मांग है कि वह उन विधायक और मंत्रियों से इंटर के आवेदित सभी बच्चों के नामांकन की गारंटी कराएं। उपर्युक्त बातें संगठन के द्वारा 13 अगस्त को आहूत बेगूसराय समाहरणालय पर प्रदर्शन की तैयारी को लेकर आयोजित नींगा हाई स्कूल के सम्मेलन में संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कही।
उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा की यह कैसी परंपरा है, जिसमें उच्च शिक्षा की चाहत लेकर बच्चे आवेदन तो करते हैं, लेकिन सीट सीमित कर उन्हें शिक्षा पाने से भी रोका जाता है। यह उन छात्रों के साथ सरकार के द्वारा अन्याय है। इस अन्याय के खिलाफ छात्रों को ही लड़ना पड़ेगा। जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार एवं ताइक्वांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सह राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षा की बेहतरी का दम्भ भरने वाले सांसद, विधायक को बेगूसराय के छात्र, नौजवानों से कोई लेना देना नहीं है। यही कारण है कि आज तक बेगूसराय में सभी अर्हताओं के बावजूद दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं हो पाई। स्कूल हाई स्कूलों के हालात दयनीय है।महाविद्यालय में शिक्षा पूरी तरह से चौपट हो गया है। इससे उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ सत्ता का सुख भोग रहे हैं। ज्ञात हो कि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन संगठन के 90वें स्थापना दिवस पर अपने राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत एसआईआर में व्याप्त गड़बड़ियों पर रोक लगाने, बेगूसराय में दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना करने, इंटर में सभी आवेदित छात्रों के नामांकन की गारंटी करने, बाढ़ पीड़ितों को उचित सुविधा देने, सभी मिडिल और हाई स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को पूरा करने सहित शैक्षणिक सवालों को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये एआईएसएफ गांव-गांव में छात्रों से संपर्क कर रहा है। इस दौरान नींगा पंचायत के उत्क्रमित हाई स्कूल का यूनिट सम्मेलन संपन्न हुआ। शाखा प्रभारी शाहरुख इकबाल, नींगा पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद हस्सान, सन्नी सिंह के नेतृत्व में सम्मेलन हुआ। जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष मोहम्मद शादाब, सचिव साहिल कुमार, उपाध्यक्ष सबरीन नाज, सह सचिव प्रतिमा कुमारी को चुना गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button