मनुष्य बने रहने की कोशिश ही समकालीनता है – प्रो. नंदकिशोर आचार्य

 

नई दिल्ली हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय डॉ. नगेंद्र स्मृति व्याख्यानमाला के दूसरे दिन साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित नंद किशोर आचार्य ने रस की समकालीनता विषय पर अपना विचार प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अपने समय में मनुष्य बने रहने की कोशिश ही समकालीनता है। कला व ध्यान ही मनुष्य के विकास की प्रक्रिया है। अतिथियों का स्वागत व विषय की स्थापना करते हुए प्रो. आशुतोष कुमार ने रस को सृजनात्मकता के आनंद में उपस्थित माना। समकालीन समय में रस को समझने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने का प्रश्न वक्ताओं के समक्ष हुए उसे में प्रेषित किया।

विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रो रंजन कुमार त्रिपाठी, अधिष्ठाता, छात्र कल्याण समिति की उपस्थिति रहे। उन्होंने संस्कृत शास्त्रों में काव्यशास्त्र शब्द के निर्माण की प्रक्रिया व रसों की परंपरा का मूल्यांकन करते हुए रस को धारण करने के लिए सहृदय होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मम्मट, रामचंद्र शुक्ल और नगेंद्र के मध्य रस के विवेचन के अंतर्संबंधों पर विचार करते हुए साधारणीकरण की प्रक्रिया की पूर्णता के लिए आनन्दानुभूति को केंद्र में स्थापित किया।

मुख्य वक्ता नन्द किशोर आचार्य ने बताया कि रस को समझने के लिए रस सूत्र की जगह सहृदयता व रसानुभूति की अधिक आवश्यकता है। रस सम्पूर्ण कला शास्त्र का सिद्धांत है। कला व ध्यान मनुष्य के विकास की प्रक्रिया का एक रूप है। मनुष्य का जन्म सृजनात्मकता का ही एक रूप है जो कि उसके अस्तित्व के लिए आवश्यक है। मानव का मूल लक्षण उसकी सृजनात्मकता है। जिसमें मनुष्य के आत्म की सृजनात्मकता भी शामिल है जो कि नए आयामों को उद्घाटित करती है। आत्मसृजन का आनंद ही रस का केंद्रीय भाव है। टी एस इलियट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अनुभूति में दोहरी सांकेतिकता विषय चेतना व स्वयं की चेतना का होना जरूरी है। विषय और विषयी के मध्य में अभेद होना आवश्यक है। वह अभेद जितना अधिक होता है कला उतनी ही श्रेष्ठ होती है। अनुभूति का मानसिक स्तर पर भोगना आवश्यक तथा उनके मध्य एक दूरी का होना भी जरूरी है।
प्रोफेसर संजय कुमार ने वर्तमान समय में रस की प्रासंगिकता पर टिपण्णी की तथा अध्येताओं के मध्य प्रश्न भी किया कि क्या रस के माध्यम से किसी कृति का मूल्यांकन किया जा सकता है। विभागाध्यक्ष प्रो. सुधा ने आगामी कार्यक्रमों के लिए इसी तरह के सहभागिता की अपेक्षा करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अध्यापकों व विद्यार्थियों का धन्यवाद प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button