राष्ट्र-निर्माण की प्रेरणा देती हैं दिनकर की कविताएं: राज्यपाल

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 117वीं जयंती पर बेगूसराय जिले में किए गए विविध कार्यक्रमों का आयोजन

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर‘ की 117वीं जयंती पर मंगलवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजकीयकृत रामधारी सिंह दिनकर स्मारक उच्च माध्यमिक विद्यालय सिमरिया में मुख्य कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसमें बिहार के राज्यपाल महामहिम आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर देकर की गई। उसके बाद राज्यपाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। मौके पर बेगूसराय सांसद सह केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरीराज सिंह, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

वहीं, प्रशासनिक स्तर से जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष, उपविकास आयुक्त प्रवीण कुमार समेत कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। राज्यपाल ने दिनकर जी के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कविताएं आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता ही सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।जयंती के अवसर पर जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष और अन्य अधिकारियों ने दिनकर कला भवन, स्वर्ण जयंती पुस्तकालय और जीरोमाइल, बेगूसराय स्थित दिनकर जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने कहा कि दिनकर जी का साहित्य स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र चेतना का आधार रहा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सबकी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर राज्यपाल, बिहार महामहिम आरिफ मोहम्मद खान ने दिनकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का स्वागत जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने महामहिम राज्यपाल को पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर किया। समारोह में महामहिम ने दिनकर जी के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की। स्थानीय साहित्य प्रेमियों और शिक्षाविदों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने राष्ट्रकवि की यादों और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button