मनी लॉडिंग मामले में आप नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार
-ईडी ने दिल्ली-गोवा समेत 7 ठिकानों पर मारी थी रेड
-सौ करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी और मनी लाडिंग का है मामला
भारत पोस्ट न्यूज़ नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने आज आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह से ही दिल्ली और गोवा समेत करीब सात ठिकानों पर ईडी की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉडिंग एक्ट के तहत की गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉडिंग और सौ करोड़ के बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में की गई है। कई घंटों तक चली तलाशी और पूछताछ के बाद दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी न दिल्ली और गोवा में एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
ईडी की टीम सोमवार सुबह ही सक्रिय हो गई थी। दिल्ली के अलावा गोवा में भी कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी लंबे समय से इस मामले में वित्तीय लेन-देन और कथित बैंक धोखाधड़ी की जांच कर रही थी। इसी कड़ी में सोमवार को सर्च ऑपरेशन के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
सूत्रों के मुताबिक, दीपक सिंगला के खिलाफ वर्ष 2024 में भी ईडी ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। उस समय भी वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन को लेकर जांच की गई थी। अब एक बार फिर उसी मामले से जुड़े इनपुट और दस्तावेजों के आधार पर एजेंसी ने कार्रवाई तेज करते हुए गिरफ्तारी की है।
ईडी फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्टॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित मनी लॉडिंग और बैंक धोखाधड़ी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं तथा रकम का इस्तेमाल किन माध्यमों से किया गया।
इस बीच, आप से जुड़े नेता की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। आप के मनीष सिसोदिया ने एक पोस्ट में कहा कि ईड़ी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने व्यक्तिगत गुंडो की तरह इस्तेमाल करके माकद जी विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था और रुपये की गिरती साख को नहीं संभाल सकते। वहीं अनुराग ढांडा ने एक्स पोस्ट में कहा कि ईडी भाजपा की चुनावी विंग बन गई है।



